बलरामपुर। जिले में तीन दिनों से जारी आंधी-बारिश से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत संबंधित विभागों को राहत, बचाव और पुनर्बहाली कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।
तेज हवाओं और बारिश के कारण जगह-जगह पेड़ व विद्युत पोल गिरने के साथ बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। डीएम ने वन विभाग, तहसील प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड, विद्युत विभाग और विकास विभाग के अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों के साथ तत्काल क्षेत्र में जुटने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने पुनर्बहाली कार्य के लिए जेसीबी, क्रेन, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, श्रमिक और अन्य जरूरी मशीनरी की व्यवस्था करने को कहा है। विद्युत आपूर्ति बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सभी विभागों को आपसी समन्वय से 24 घंटे राहत एवं पुनर्बहाली कार्य में जुटे रहने और किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं। कार्य में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। संवाद