बलरामपुर। अधिवक्ता आपदा राहत कोष समिति में कथित गबन के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और विवेचना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिला युवा बार संघ अध्यक्ष मृगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि आपदा राहत कोष में कथित गबन के मामले में 12 जून को कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अधिवक्ताओं का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की और काफी समय बीतने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
अधिवक्ताओं ने प्रकरण की निष्पक्ष व प्रभावी जांच कराने और आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही विवेचना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन महामंत्री संजय तिवारी, विवेक सिंह, प्रशांत ओझा आदि मौजूद रहे।