बलरामपुर। अधिवक्ता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी होने पर वकीलों ने चक्का जाम आंदोलन स्थगित कर दिया है। अब वकील दूसरे अभियुक्त के गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए हैं। वकीलों ने पुलिस को दूसरे अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। गिरफ्तारी न होने तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।
गौरतलब है कि बीते दिनों दबंगों ने अधिवक्ता सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव पर जानलेवा हमला कर दिया था। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर वकीलों ने सोमवार को बलरामपुर के बहराइच, गोंडा एवं तुलसीपुर मार्ग पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी थी। रविवार की रात में ही पुलिस ने एक आरोपी शुभांकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
शुभांकर की गिरफ्तारी होने पर वकीलों ने चक्का जाम आंदोलन स्थगित कर दिया है। सोमवार को बार संघ भवन में बैठक कर वकीलों ने आगामी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दूसरे आरोपी ध्रुव सिंह की गिरफ्तारी न होने पर वकील न्यायिक कार्य नहीं करेंगे।
वकीलों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के अंदर दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वकील उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। वकीलों ने 17 जुलाई को बार संघ की पुन: बैठक बुलाई है।