बलरामपुर। संयुक्त बार संघ ने शुक्रवार को बैठक कर पुलिस व विवेचक के खिलाफ अभियुक्तों से मिलने का आरोप लगाते हुए आरपार की लड़ाई का ऐलान किया है। बार संघ ने एसपी व विवेचक सहित अन्य दोषियों के खिलाफ मुख्यमंत्री, कानून मंत्री, डीजीपी व बार कौंसिल आफ उत्तर प्रदेश को शिकायती पत्र भेजने का निर्णय लिया है।
अधिवक्ता सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव पर हुए जानलेवा हमले के मामले में विवेचक द्वारा धारा हटाने व एक अभियुक्त का नाम निकाले जाने से नाराज वकीलों ने शुक्रवार को बार संघ भवन में बैठक की। वकीलों का आरोप है कि पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने बार संघ पदाधिकारियों व वकीलों को गुमराह किया।
एसपी ने वकीलों के साथ बैठक करते हुए धारा व नाम न हटाने तथा दूसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी 29 जुलाई तक करने का आश्वासन दिया था लेकिन बिना बार संघ व पीड़ित का पक्ष सुने अभियुक्तों से बेजा लाभ लेकर पुलिस अधीक्षक व मामले के विवेचक ज्ञानेंद्र पांडेय ने गंभीर धाराओं को हटा दिया और एक अभियुक्त का नाम भी निकाल दिया।
इस मामले में पुलिस ने कानून को ताक पर रखकर अभियुक्तों की मदद की। संयुक्त बार संघ की बैठक में सर्वसम्मति से पुलिस अधीक्षक व विवेचक सहित अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायती पत्र भेजने का निर्णय लिया।