महराजगंज तराई (बलरामपुर)। थाना क्षेत्र के दांदव गांव में गन्ने के खेत में दो माह की नवजात रस्सी से बंधी हुई पाई गई है। बच्ची को महिला अस्पताल के एंबुलेंस से भेज दिया गया है।
थाना महराजगंज तराई के दांदव गांव में शुक्रवार की शाम चार बजे किसान अपने गन्ने के खेत से काम करके वापस लौट रहे थे। रास्ते में लौटते समय किसानों को गन्ने के खेत में बच्ची के रोने की आवाज सुनाई पड़ी।
किसान रवि प्रकाश ने बताया कि जब हम लोग बच्ची के पास पहुंचे तो उसे देखकर स्तब्ध रह गए। बच्ची के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। करीब दो माह की बच्ची गन्ने के खेत में पड़ी रो रही थी। घटना की सूचना तत्काल सीएचसी अधीक्षक को दी गई।
बच्ची को इलाज आदि कराने के लिए एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल भेज दिया गया। क्षेत्र में बच्ची की मिलने की खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक थाना महराजगंज तराई राजितराम ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है।