बलरामपुर। किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए अब किसान दिवस का आयोजन तहसील स्तर पर होगा। इसके लिए कृषि विभाग ने वर्ष 2026 का रोस्टर जारी कर दिया है। इसके अनुसार प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को संबंधित तहसील में किसान दिवस आयोजित होगा।
उप कृषि निदेशक श्याम नरायन राम ने बताया कि पहले किसान दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय पर होता था, जिससे दूर-दराज के किसानों को अपनी समस्याएं रखने में कठिनाई होती थी। अब तहसील स्तर पर आयोजन होने से अधिक से अधिक किसान सीधे अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। बताया कि 18 फरवरी को उतरौला, 18 मार्च को तुलसीपुर, 15 अप्रैल को बलरामपुर, 20 मई को उतरौला, 17 जून को तुलसीपुर और 15 जुलाई को बलरामपुर तहसील में किसान दिवस आयोजित होगा।
इसी तरह 19 अगस्त को उतरौला, 16 सितंबर को तुलसीपुर, 21 अक्तूबर को बलरामपुर, 18 नवंबर को उतरौला तथा 16 दिसंबर को तुलसीपुर में आयोजन होगा। किसान दिवस का आयोजन संबंधित तहसील सभागार में दोपहर 12 बजे से दो बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी या नायब तहसीलदार करेंगे।
किसानों ने जताई खुशी
किसान रामलाल ने बताया कि पहले जिला मुख्यालय तक पहुंचना मुश्किल होता था, जिससे कई बार शिकायत दर्ज ही नहीं हो पाती थी। अब तहसील में ही किसान दिवस होने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी। उतरौला क्षेत्र के किसान मोहम्मद सलीम ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय जाना संभव नहीं होता था। तहसील स्तर पर सुनवाई होने से किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। तुलसीपुर के किसान शिवप्रसाद ने बताया कि अब अधिकारी सीधे किसानों से मिलेंगे, जिससे समस्याओं का समाधान जल्दी होगा।
किसानों को होगी सुविधा
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किसान दिवस को तहसील स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इससे अधिक संख्या में किसान भाग ले सकेंगे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
-श्याम नारायण राम, उप कृषि निदेशक