बलरामपुर के उतरौला में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ।-संवाद
उतरौला। क्षेत्र की बेटियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शासन ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय उतरौला के उच्चीकरण के लिए 4.53 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है, जिसके बाद निर्माण कार्य में तेजी आएगी। इस योजना से गरीब और दूर-दराज क्षेत्रों की बेटियों को आवासीय सुविधा के साथ बेहतर शिक्षा मिलेगी। इसके साथ 12वीं तक पढ़ाई शुरू होगी।
विद्यालय को माध्यमिक विद्यालय के मानक पर तैयार किया जाएगा, जिससे निर्माण पूरा होने पर आगे की पढ़ाई शुरू हो सके। अभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में कक्षा छह से आठवीं तक आवासीय सुविधा दी जा रही है। उच्चीकरण के बाद केजीबीवी में आधुनिक शिक्षण साधनों, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं भी विकसित होगी। वहीं 12वीं तक पढ़ाई से क्षेत्र की बेटियों का शैक्षिक स्तर और आत्मनिर्भरता दोनों बढ़ेंगी।
विद्यालय के उच्चीकृत होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह है। ग्राम पंचायत महुआ की रेखा देवी ने कहा कि अब हमारी बेटियों को दूर नहीं जाना पड़ेगा, यहीं रहकर पढ़ सकेंगी। सुरेश तिवारी ने कहा कि सरकार का यह फैसला गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत है, इससे हमारी बेटियां सुरक्षित माहौल में माध्यमिक स्तर की शिक्षा पा सकेंगी। शबनम बेगम ने कहा कि आवासीय सुविधा मिलने से बेटियों को पढ़ाई में और ध्यान लगाने का मौका मिलेगा। रामकली ने कहा कि अब अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता नहीं रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। केजीबीवी के उच्चीकरण से यहां की छात्राओं को बेहतर शिक्षण वातावरण, भोजनालय, हॉस्टल और स्मार्ट कक्षाओं की सुविधा मिलेगी।
-राम प्रताप वर्मा, विधायक