बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल में इलाज करते चिकित्सक ।-संवाद
बलरामपुर। बदलती जीवन शैली व खानपान पर ध्यान न देने से यकृत (लिवर) की बीमारी तेज से बढ़ गई है। शराब का सेवन न करने वाले मरीज भी लिवर संबंधी बीमारी से प्रभावित हो रहे हैं। इनमें युवा व बुजुर्ग दोनों शामिल हैं। सेहत पर ध्यान न देने से लोगों में फैटी लीवर, हेपेटाइटिस और सिरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
हर साल 19 अप्रैल को विश्व यकृत दिवस मनाया जाता है। लोगों को स्वस्थ यकृत सुरक्षित जीवन के प्रति सजग किया जाएगा। दरअसल, नियमित निगरानी न होने के कारण ही लोग यकृत संबंधी बीमारी से परेशान हो रहे हैं। गैर संचारी रोग क्लीनिक के आकड़ों के अनुसार जिले में इस समय हेपेटाइटिस बी के दो मरीज, हेपेटाइटिस सी के दो मरीज और फैटी लीवर के 14 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इसी तरह नॉन एल्कोहलिक फैटी लीवर डिसीज (एनएएफएलडी) के 15 मरीजों का उपचार व फॉलोअप हो रहा है।
एनसीडी क्लीनिक के चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव ने बताया कि अनियमित खानपान और बदलती दिनचर्या के कारण अब शराब का सेवन न करने वाले लोगों का भी यकृत प्रभावित हो रहा है। लिवर में अतिरिक्त वसा काफी नुकसान पहुंचाता है। लिवर संबंधित बीमारी प्राय: अधिक शराब का सेवन करने, मोटापा, मधुमेह, उच्च कोलेस्ट्रॉल व धमनी उच्च रक्तचाप से प्रभावित लोगों में देखी जाती है। चेस्ट फिजिशियन डॉ. गिरधर चौहान ने बताया कि गंभीर स्थिति से बचने के लिए नियमित जांच कराना बहुत जरूरी है। वायरल हेपेटाइटिस ए और बी से बचाव के लिए टीका लगवाना चाहिए। साफ-सफाई पर ध्यान देने, शराब का सेवन न करने और दवाओं का अनियमित सेवन पर ध्यान देकर यकृत से संबंधित बीमारियों से बचा जा सकता है।
ये हैं लक्षण
यकृत बीमारी से प्रभावित मरीजों में यूरिन का रंग बदल जाता है, भूख नहीं लगती है, थकान, पेट में दर्द, जोड़ों में दर्द व खुजली के लक्षण दिखाई देते हैं। इसके अलावा महिलाओं में मतली व मासिक धर्म में भी समस्या देखने को मिलती है।