तुुलसीपुर (बलरामपुर)। एसएसबी 50वीं वाहिनी द्वारा भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सभी चौकियों पर 20 से 27 जुलाई तक कारगिल विजय सप्ताह मनाया जाएगा। इसी क्रम में रविवार को एसएसबी की सीमा चौकियों से रैली निकालकर कारगिल युद्ध के शहीदों की शहादत को याद किया गया।
एसएसबी 50वीं वाहिनी के कार्यवाहक उप कमांडेंट बृजेश सिंह ने कहा कि वर्ष 1999 में पाकिस्तानी घुसपैठियों ने करीब 18 हजार फिट ऊंची कारगिल की पहाड़ियों पर कब्जा जमा लिया। घुसपैठियों को खदेड़ने के लिए भारतीय सेना ने आठ मई से 26 जुलाई तक ऑपरेशन विजय चलाया। 26 जुलाई को ही कारगिल की पहाड़ों पर सेना ने घुसपैठियों को पूरी तरह खदेड़ कर भारतीय तिरंगा लहरा दिया।
ऑपरेशन विजय में मातृ भूमि की रक्षा करते हुए 527 भारतीय सैनिक शहीद हो गए और 1363 जवान घायल भी हुए। इन्हीं जवानों के शौर्य को याद करने के लिए प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।