बलरामपुर। रोजगार दफ्तर में शनिवार को नौकरी का ऑफर लेटर पाकर 115 बेरोजगारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। रोजगार कार्यालय के मेले में नौकरी के लिए 260 बेरोजगारों ने साक्षात्कार में प्रतिभाग किया। सात बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने बेरोजगारों का साक्षात्कार लेकर चयन किया।
जिला रोजगार सहायता अधिकारी प्रवेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को दफ्तर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवा योजन कार्यालय में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा के संयुक्त तत्वाधान में रोजगार मेला लगाया गया।
रोजगार मेेले में कुल 260 बेरोजगारों ने इन कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने साक्षात्कार में हिस्सा लिया। साक्षात्कार लेकर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 115 अभ्यर्थियों का नौकरी के लिए चयन किया। मेले के आयोजन में प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा आशीष भूषण, सहायक प्लेसमेंट अधिकारी रामेंद्र विशेन, केडी यादव, मनोज कुमार, अभिषेक कसेरा आदि का सराहनीय योगदान रहा।