ललिया (बलरामपुर)। पारिवारिक कलह व आए दिन विवाद के चलते पति व अन्य परिजनों ने महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर जान से मारने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। महिला की तहरीर पर पुलिस पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। आरोपी फरार है। पुलिस दबिश दे रही है।
ललिया थानाध्यक्ष एके गुप्ता ने बताया कि कोड़री निवासी राजेश ने पहले लक्ष्मी देवी से शादी की थी। कुछ दिनों पूर्व राजेश ने दूसरी शादी कर ली है और लक्ष्मी के घर से निकालना चाहता है। लक्ष्मी ने भी पति व अन्य ससुरालीजनों पर गुजारे भत्ते का मुकदमा किया है।
लक्ष्मी का ससुर श्रावस्ती जनपद स्थित ग्रामीण बैंक में नौकरी करता है और वहीं पर किराए के मकान में रहता है। राजेश अपनी पत्नी को लेकर पिता के पास ही रहता है। शुक्रवार रात अचानक राकेश अपनी मां सुधरा देवी, पिता राम बरन व छोटे भाई राकेश के साथ कोड़री गांव स्थित घर पहुंच गया। घर पर लक्ष्मी देवी अकेली थी। पति व अन्य परिजनों ने लक्ष्मी को घर से भाग जाने को कहा।
लक्ष्मी ने विरोध किया तो इन लोगों ने तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लक्ष्मी के हाथ व पैर में लगी है। घटना के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने लक्ष्मी देवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने लक्ष्मी को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। पीड़िता की तहरीर पर पति राजेश, सास सुधरा देवी, ससुर रामबरन, देवर राकेश के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।