बलरामपुर। फर्जी अभिलेखों से नौकरी हथियाने वाले बर्खास्त शिक्षक को ललिया थाने की पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। एक साल पहले शिक्षक को बर्खास्त किया गया था। बीईओ सियाराम ने बर्खास्त शिक्षक के विरुद्ध ललिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शेखापुर में तैनात शिक्षक विजय कुमार मिश्र के विरुद्ध शिकायत मिलने पर जांच कराई गई थी। जांच में अभिलेखों के फर्जी होने की पुष्टि हुई थी। विजय कुमार को 24 जुलाई, 2023 को बर्खास्त कर दिया गया था। बीईओ सियाराम को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। बीईओ ने 21 नवंबर, 2024 को विजय कुमार मिश्र निवासी विगहिया, मजरा कैमी थाना मोतीनगर जनपद गोंडा के विरुद्ध ललिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
एसपी विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार के नेतृत्व में गठित सीओ ललिया ज्योतिश्री व प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह की टीम ने उसके घर से शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिक्षक को न्यायालय भेजा गया है।