बलरामपुर। गुलजार पुरवा में चोरों ने दो घरों से साढ़े आठ लाख रुपये के जेवर व नकदी पार कर दिया। एक घर में बेटी के हाथ पीले कराने के लिए घर जेवर व पैसे रखे थे। दो दिन बाद बेटी के हाथ पीले कराने के लिए अब परिवार के लोग काफी परेशान हैं।
थाना सादुल्लाहनगर के गुलजार पुरवा निवासी सीताराम ने शुक्रवार को बताया कि मुख्य दरवाजे के सामने आम के पेड़ से चढ़कर चोर घर में आ गए। घर में रविवार को पुत्री वीना का विवाह कराने के लिए तीन लाख रुपये नकदी व चार लाख रुपये के जेवर रखे थे।
अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर चोरों ने पूरा नकदी व जेवर पार कर दिया है। बेटी के हाथ पीले कराने के लिए परिवार के समक्ष संकट उत्पन्न हो गया है। मनुवागढ़ गांव निवासी हफीजुल्ला के घर में इसी रात को चारों ने एक लाख के जेवर व चार हजार नकदी पार कर दिया है।
दोनों पीड़ितों ने सादुल्लाहनगर थाने में चोरी की तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक सादुल्लाहनगर थाना राजकुमार सरोज ने बताया कि दो घरों से चोरी होने की तहरीर मिली है। मामले की छानबीन कराई जा रही है। शीघ्र ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।