उतरौला। बाराबंकी में आयोजित मिस्टर इंडिया माइन क्लासिक 2026 के ओपन क्लासिक बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में उतरौला के इमामुद्दीन जैन खान ने चौथा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 70 से 75 किलोग्राम भार वर्ग बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप के टॉप फाइव में चयनित होकर नगर का नाम रोशन किया। इमामुद्दीन जैन खान को ट्राफी, मेडल, प्रमाणपत्र व अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन फिटनेस एंड बॉडी बिल्डिंग फाउंडेशन ने किया। मिस्टर इंडिया क्लासिक 2026 में देश के कई राज्यों के बॉडी बिल्डरों ने अपने शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया। इसमें उतरौला के इमामुद्दीन जैन खान (28) ने शानदार शारीरिक बनावट व कौशल का प्रदर्शन करते हुए ओपन क्लासिक बॉडी बिल्डिंग में चौथा स्थान हासिल किया। इससे नगर के युवा बॉडी बिल्डरों में उत्साह है।
इससे पूर्व वर्ष 2023 में जैन खान मिस्टर गोंडा का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। जैन मिस्टर लखनऊ एवं अयोध्या महोत्सव में हुए बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में भी पदक हासिल कर चुके हैं। जैन खान बलरामपुर जिले के उतरौला तहसील में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत हैं। ड्यूटी करने के बाद वह उतरौला के युवा बाडी बिल्डर्स को ट्रेंड करते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार व कोच को दिया है। उनके इस उपलब्धि पर क्षेत्र के बाडी बिल्डर्स ने बधाई दी है।