बलरामपुर में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा।
बलरामपुर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों में पढ़ने की क्षमता को विकसित किया जाएगा। जिले के 22 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पुस्तकालय की स्थापना और पुस्तकालय में रीडिंग कॉर्नर बनाया जाएगा। वहीं, पुस्तकालय काउंसिल भी स्थापित होगी, जो छात्रों को पढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। छात्रों को ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
राज्य परियोजना निदेशक की ओर से इस बाबत निर्देश दिए गए हैं। समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्य योजना व बजट में जिले के 22 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पुस्तकालय के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। पुस्तकालय की स्थापना से छात्र स्वयं वहां जाकर अध्ययन करेंगें। उनमें पढ़ने की आदतों का विकास होगा और विभिन्न प्रकार की पुस्तकों के अध्ययन करने का अवसर भी मिलेगा। डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि विद्यालय में पुस्तकालय समिति गठित होगी। शिक्षकों से सुझाव मांगे गए हैं कि पुस्तकालय में किस प्रकार की पुस्तकों को शामिल किया जाए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सामग्री उपलब्ध हो सके।