बलरामपुर। शांतिपूर्ण मतदान कराने के बाद प्रशासन के ऊपर अब काउंटिंग की जिम्मेदारी है। मतदान कराने के बाद दूसरे दिन रविवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह व सामान्य प्रेक्षक किशोर कुमार ने प्रत्याशियों एवं पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके उनके सवालों का जवाब दिया। स्क्रूटनी में सवालों व जिज्ञासाओं का निस्तारण होने पर प्रत्याशी संतुष्ट नजर आए।
प्रत्याशियों व पार्टी के पदाधिकारियों ने डीएम व प्रेक्षक के साथ रविवार को तीन घंटे तक रैंडम रूप से लोकसभा संसदीय सीट श्रावस्ती के पांच विधानसभाओं के मतदान बूथ के अभिलेखों एवं प्रपत्रों की जांच की गई। सभी प्रपत्र भारत निर्वाचन आयोग के मानक के अनुरूप मिले। डीएम ने कहा कि सीमित संसाधन व भीषण गर्मी में सफलता पूर्व मतदान संपन्न कराया गया।
डीएम व प्रेक्षक ने प्रत्याशियों की उपस्थिति में मतदान अभिलेखों को सील कराया। स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व मतगणना की तैयारी को लेकर चर्चा की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
एसपी केशव कुमार ने मतदान संपन्न कराने के बाद रविवार को भगतीगंज स्थित मंडी परिषद के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। श्रावस्ती व गोंडा लोकसभा सीट के साथ गैसड़ी विधानसभा के उप चुनाव की सभी ईवीएम स्ट्रांग रूम रखी गई है। ईवीएम की सुरक्षा में पैरा मिलेट्री फोर्स तैनात की गई है। एसपी ने जवानों को ईवीएम की सुरक्षा में चौकस रहने का निर्देश दिया।
सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने मतदान में अपनी जिम्मेदारी निभानी के बाद अब वोटों की काउंटिंग कराने की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होने अपने कैंप कार्यालय पर डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, पीडी चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव व डीसी मनरेगा सतीश कुमार पांडेय के साथ बैठक करके मतगणना कराने के लिए सभी बिंदुओं पर तैयारी की समीक्षा की। उन्होने बताया कि मतगणना कार्मिकों को ट्रेनिंग देने के लिए 28 व 29 मई की तिथि तय की गई है।