फोटो-9-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में एडीएम को ज्ञापन सौंपते पंचायत सहायक ।-संवाद
बलरामपुर। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सोमवार को पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री व निदेशक पंचायती राज के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम और डीपीआरओ को सौंपा। पंचायत सहायकों ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालयों में डिजिटल सेवाओं के संचालन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उन्हें न तो पर्याप्त मानदेय मिल रहा है और न ही सेवा सुरक्षा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री शिवानी गिरी ने कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू करने, पंचायत सहायकों के लिए अलग पोर्टल विकसित करने तथा ग्राम पंचायत सचिवालयों में कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है। पंचायत सहायकों को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है। जिलाध्यक्ष दिनेश कसौधन ने कहाकि छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय से गुजारा बढ़ाना मुश्किल हो रहा है। इसके बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अनिल राय, जिला महामंत्री पीयूष मिश्रा, मीडिया प्रभारी पुनीत मौर्य, विनोद यादव, अमर ज्योति, पुष्पा वर्मा व पूनम कुमारी आदि मौजूद रहे।