बलरामपुर। पवित्र बौद्ध तीर्थ श्रावस्ती व जिले के चारिका स्थली लालनगर में 30 व 31 मार्च को होने वाले अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक पाठ एवं धम्म यात्रा की तैयारी दिनों दिन तेज हो गई है। चौथे संस्करण में रूस के प्रतिनिधिमंडल को शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
इस संबंध में लॉर्ड बुद्ध वेलफेयर फाउंडेशन भारत के सचिव दिवाकर पटेल ने भारत स्थित रूसी दूतावास के सांस्कृतिक परामर्शदाता मिखाइल से भेंट कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। बैठक के दौरान भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और मानवीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
फाउंडेशन के सचिव दिवाकर पटेल ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में जब कई देशों में अशांति और संघर्ष का माहौल है, ऐसे समय में भारत और रूस जैसे मित्र देशों का साझा आध्यात्मिक प्रयास विश्व शांति का सशक्त संदेश दे सकता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक पाठ एवं धम्म यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि विश्व शांति और मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए एक वैश्विक पहल है।