बलरामपुर के संयुक्त जिला चिकित्सालय में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का निरीक्षण करते सीएमओ व अ
बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब बुधवार से शुरू हो गई। इसका उद्घाटन डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने वर्चुअल रूप से किया। संयुक्त अस्पताल में नए लैब का संचालन शुरू होने से अब मरीजों को जिले में ही ब्लड, यूरिन, बायोकेमिस्ट्री व माइक्रोबायोलॉजी सहित अन्य जांचों की सुविधा मिलेगी।
अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के अधीन संचालित संयुक्त अस्पताल में पीएम अभीम योजना (प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन) के तहत पैथोलॉजी को को इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब के रूप में विकसित किया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने लैब का संचालन शुरू कराया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पीएम अभीम योजना के तहत लैब को आधुनिक संसाधनों से लैस किया गया है। अब इस लैब में अधिक से अधिक मरीजों की जांच हो सकेगी।
सीएमओ के साथ एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने लैब में संसाधनों का जायजा लिया। सीएमओ ने कहा कि कि मरीजों को आसानी से जांच की सुविधा मिले, यही कर्मचारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. राजकुमार वर्मा, गुणवत्ता प्रबंधक डॉ. रुचि पांडेय, सर्जन डॉ. सुनील कुमार, डॉ. आरडी रमन व अशोक पांडेय मौजूद रहे।
संचारी व गैर संचारी रोगों की आसानी से होगी जांच
जिले में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब का संचालन शुरू होने से अब जिले में ही संचारी व गैर संचारी रोगों की जांच आसानी से हो सकेगी। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि अब संक्रामक व गैर संक्रामक रोगों की ट्रैकिंग व माॅनीटरिंग करने में सहूलियत मिलेगी।