बलरामपुर। स्टांप तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। जनकल्याणकारी योजनाओं तथा अपराध व कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण निर्धारित समय में पूरा किए जाने का निर्देश दिया। विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
कलेक्ट्रेट सभागार में राज्यमंत्री ने महिला अपराधों पर नियंत्रण के लिए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि जनपद के सभी महिला डिग्री कॉलेज व इंटर कॉलेज के 100 मीटर दायरे में किसी प्रकार की भी मादक पदार्थ पान-मसाला या सिगरेट की दुकानें न हो। महिला डिग्री कालेज व इंटर कालेज जाने वाले रास्तों पर मनचलों तथा अवांछित तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रत्येक थानों पर पर्याप्त संख्या में महिला कांस्टेबिल तैनात किए जाने का निर्देश देते हुए कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। एफआईआर दर्ज करने में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने श्रमिक कार्डधारकों का गोल्डेन कार्ड बनाए जाने तथा आक्सीजन प्लांट का सुचारू रूप से संचालन किए जाने का निर्देश दिया। गौ संरक्षण केंद्रों पर गोवंश की सेवा या देखभाव के अभाव में मौत न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। गोवंश की मौत होने पर संबंधित के विरूद्घ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। विद्यालयों में शत प्रतिशत शौचालय व हैंडपंप को कार्यशील बनाने का निर्देश बीएसए को दिया। नगर में निर्माणाधीन सीवरेज कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाने तथा खोदी गई सड़कों की मरम्मत का निर्देश जल निगम के अधिकारियों को दिया।
राशन वितरण में अनियमितता मिलने पर कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को गेेहूं खरीद का भुगतान निर्धारित समयावधि के भीतर सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया। कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम पायदन पर खड़े व्यक्ति को मिले यह सभी अधिकारी सुनिश्चित करें। राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी वितरित की। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार के लाभार्थी को 10 लाख और ओडीओपी योजना के लाभार्थी को तीन लाख रुपये का चेक सौंपा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के लाभार्थी को आइसोलेशन वैन भी सौंपा। बैठक में सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, डीएम श्रुति, एसपी राजेश कुमार सक्सेना, सीडीओ रिया केजरीवाल, एडीएम राम अभिलाष, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह व सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का किया निरीक्षण
राज्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से जिले में निर्माणाधीन केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखी। कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा किए जाने का निर्देश दिया। वहां पर कार्यरत सभी श्रमिकों का पीएफ अकाउंट बनाए जाने तथा बीमा कराए जाने का निर्देश भी दिया।
अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
राज्यमंत्री ने जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। मरीजों से बातचीत कर वहां मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अस्पताल आने वाले मरीजों से किसी भी तरह का पैसा न लिए जाने का निर्देश दिया। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार एवं अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रवीण कुमार से अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हुए उन्होंने प्रसव कक्ष तथा ओपीडी का निरीक्षण भी किया। प्रसव कक्ष एवं महिला वार्ड के पास विभिन्न योजनाओं से संबंधित पोस्टर, बैनर लगाए जाने का निर्देश दिया। जननी सुरक्षा वार्ड में मौजूद महिला सर्जन उम्मे खदीजा व स्टाफ नर्सों को हिदायत देते हुए कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों से किसी प्रकार की धन उगाही न की जाए। कोई भी चिकित्सक व स्टाफ मरीजों से रिश्वत लेकर सरकार को बदनाम न करे। धन उगाही की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।