बलरामपुर। जिले के आठ ग्राम पंचायतों में चालू वित्त वर्ष के दौरान 32 लाख रुपये से सूचना केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। बिजली, सड़क व घनी आबादी वाले ग्राम पंचायतों की तलाश शुरू कर दी गई है। जिले के सभी नौ ब्लॉकों के एडीओ पंचायतों को ऐसे ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता देकर चयन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूचना केंद्र के लिए पंचायत भवनों में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। गांवों में सूचना केंद्रों का संचालन शुरू होने से यहां के लोगों का आय, जाति व निवास जैसे ई-डिस्ट्रिक्ट की कई सेवाओं का घर बैठे लाभ मिल सकेगा। संसाधनों से लैस गांवों के सूचना भवनों में ही सरकारी कार्य भी ऑनलाइन निस्तारित कराए जाएंगे।
डीपीएम संदीप कश्यप ने बताया कि पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से गांवों में क्षमता संवर्द्घन एवं प्रशिक्षण के उद्देश्य से वित्त वर्ष 2019-20 में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान का शुभारंभ किया गया है। योजना के तहत भारत सरकार ने चालू वित्त वर्ष की कार्ययोजना में प्रदेश के 500 ग्राम पंचायतों में सूचना भवन (सीएससी) संचालन के लिए पंचायत भवन में चार-चार लाख रुपये से अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया जाएगा।
गांवों में जन सूचना केंद्र के संचालन से न केवल शासकीय होंगे बल्कि ग्राम पंचायतों के स्वयं की आय बढ़ेगी और ग्राम पंचायत सचिवालय की परिकल्पना को मजबूती मिलेगी। गांवों के सूचना भवन में ई-डिस्ट्रिक्ट की सेवाएं जैसे आय, जाति, निवास, जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र भी घर बैठे लोगों को मिल सकेगा।
ग्राम पंचायतों के सभी आठ सूचना भवनों को आधुनिक संसाधनों जैसे कंप्यूटर आदि से लैस कराया जाएगा। यह प्रयोग सफल होने पर जिले की और भी ग्राम पंचायतों में सूचना भवनों का इंतजाम कराया जाएगा।