बलरामपुर। अमृत भारत योजना से बलरामपुर रेलवे स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह से बदल रही है। कार्ययोजना के तहत स्टेशन को पूरी तरह से अपग्रेड कर आधुनिक संसाधनों के साथ सुविधा युक्त बनाया जा रहा है। इसके चलते ही रेलवे स्टेशन पर अब कोच इंडिकेशन (डिस्प्ले) बोर्ड लगाने का कार्य कराया जा रहा है। ट्रेन आने पर यात्री इस डिस्प्ले बोर्ड पर देख कर जान सकेंगे कि ट्रेनों के डिब्बे कहां रुकेंगे। इससे निर्धारित स्थान पर पहुंचने के लिए उन्हें ट्रेन आने के बाद दौड़भाग की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
डिस्प्ले बोर्ड को देखकर यात्री स्टेशन पर ट्रेन आने से पहले ही अपने कोर्ट की स्थिति को देखकर निर्धारित स्थान पर आसानी से पहुंच सकेंगे। उन्हें ट्रेन का आरक्षित कोच ढूंढने व उसमें बैठने के लिए भागदौड़ नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए बलरामपुर रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर 20-20 कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर अभी तक यात्रियों के लिए यह जरूरी सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे ट्रेन आने पर यात्रियों को अपने आरक्षित कोच को ढूंढने व उसमें बैठने के लिए काफी परेशानी उठाना पड़ती है। स्टेशन अधीक्षक आरके श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया है। इस योजना के तहत स्टेशन पर यात्रियों से जुड़ी अत्याधुनिक सुविधाओं को विकसित करने का कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। जल्द ही यह स्टेशन कोच डिस्प्ले बोर्ड के साथ अन्य अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस हो कर मंडल का मॉडल स्टेशन बनेगा।