बलरामपुर। पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। एडीजी जोन गोरखपुर दावा शेरपा ने एसएसबी 9वीं वाहिनी गेस्ट हाउस में दो जिलों में तैनात एसएसबी व पुलिस अधिकारियों के साथ बीते दिन बैठक कर सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। एडीजी ने त्योहारों के साथ अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास के संबंध में चर्चा करके आवश्यक दिशा निर्देश दिया। एडीज ने सघन चेकिंग व पेट्रोलिंग के साथ अभिसूचनाओं के संकलन पर विशेष जोर दिया।
बैठक में एडीजी ने कहा कि पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास कार्यक्रम किया जाएगा। इसी के मद्देनजर एसएसबी व पुलिस के जवानों की संयुक्त टीमें भारत-नेपाल सीमा के साथ जिले भर में सघन चेकिंग व पेट्रोलिंग के साथ सूचनाओं का संकलन करें और उच्चाधिकारियों को पल-पल की रिपोर्ट से लगातार अवगत कराते रहें।
एसपी देवरंजन वर्मा ने जिले की कानून व्यवस्था के बारे में एडीजी को अवगत कराया और कहा कि जिले भर में चेकिंग अभियान के 41 प्वाइंट बनाए गए हैं। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीमें 11 संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। इसी तरह से जिले के 30 प्वाइंट पर सिविल पुलिस की टीमें चेकिंग अभियान चलाएंगी।
नेपाल सीमा से सटे कच्चे रास्तों पर कड़ी निगरानी की जा रही है जिससे अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके। बार्डर तक पहुंचने के लिए 11 चौराहों को एक्सेस प्वाइंट बनाए गए हैं। श्रावस्ती जनपद की तरफ से भी सीमा सुरक्षा के संबंध में एडीजी को रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर बलरामपुर व श्रावस्ती जनपदों के पुलिस अफसरों के साथ एसएसबी 9वीं वाहिनी के अफसर भी मौजूद रहे।