बलरामपुर। एसपी देवरंजन वर्मा ने मंगलवार को भारत नेपाल सीमा के त्रिलोकपुर बॉर्डर का जायजा लिया। क्वारंटीन सेंटरों व सील सीमाओं का भी एसपी ने निरीक्षण किया। अफसरों व कर्मियों को सीमाओं व क्वारंटीन सेंटरों पर सतर्क रहने का निर्देश दिया।
उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने व बाहर से आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद सीमा में प्रवेश देने और क्वारंटीन सेंटरों पर एकांतवास में रखे गए लोगों को बेहतर सुविधाएं दिलाने पर जोर दिया। एसपी ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को भारत नेपाल सीमा के निकट स्थित पचपेड़वा थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर बॉर्डर पर निरीक्षण किया।
गैर राज्यों व जनपदों से आने वाले वाहनों के पास आदि की चेकिंग कराई। चेकिंग करने वाले सभी अफसरों व कर्मियों को फेस मास्क व फेस शील्ड पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने का पाठ पढ़ाया। इस दौरान सीओ तुलसीपुर शिवप्रसाद व पचपेड़वा इंस्पेक्टर बृजेश सिंह आदि मौजूद रहे।
एसपी ने बलरामपुर गोंडा बॉर्डर का भी भ्रमण किया। गैर राज्यों व जनपदों से आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही सीमा के अंदर प्रवेश देने का निर्देश दिया। फेस मास्क व फेस शील्ड पहनने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जाए।
एसपी ने पचपेड़वा थाना क्षेत्र के क्वारंटीन सेंटर फरेंदी, भोजपुर व लक्ष्मीनगर का निरीक्षण किया। क्वारंटीन सेंटरों पर एकांतवास में रखे गए लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने, फेस मास्क का प्रयोग करने, साबुन से बार-बार हाथ धोने की अपील की और क्वारंटीन सेंटरों पर तैनात अफसरों व कर्मियों को भी सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करने का निर्देश दिया।
गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के क्वारंटीन सेंटर राजकीय इंटर कॉलेज व रजडेरवा का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीओ व गैसड़ी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद रहे।