बलरामपुर के सीमा वर्ती क्षेत्रों में जानकारी लेते एसपी देवरंजन वर्मा।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। अयोध्या में आतंकी हमले की धमकी को लेकर प्रशासन चौकन्ना हो गया है। भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा क्षेत्र के सभी थानों, एसएबी के जवानों व अन्य एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। पैदल मार्च व गश्त बढ़ाकर अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने अराजकता फैलाने की कोशिश करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
डीएम कृष्णा करुणेश व एसपी देवरंजन वर्मा ने गुरुवार को बताया कि एसएसबी 9वीं व 50वीं वाहिनी के कमांडेंट से बात करके सीमा क्षेत्र के थानों की पुलिस व अन्य एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया है। जिले के सभी 13 थानों में अफसरों की निगरानी में भारी सुरक्षा बलों के साथ पैदल मार्च कर अराजकतत्वों को कड़ी चेतावनी दी जा रही है।
गुरुवार को एसपी ने लाव-लस्कर के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र में पैदल मार्च का नेतृत्व किया। मार्च में शामिल सीओ सिटी कर्मवीर सिंह व प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय राय ने लोगों से नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भ्रम न फैलाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। एसएसबी 9वीं व 50वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा क्षेत्र पर चौकसी बढ़ा दी है। सीमा क्षेत्र में आने-जाने वालों की गहन तलाशी ली जा रही है।
एसएसबी के जवान अराजकतत्वों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
डीएम व एसपी के निर्देश पर थाना पचपेड़वा, गौरा चौराहा, तुलसीपुर, हरैया, ललिया, महराजगंज तराई, सादुल्लाहनगर व रेहरा बाजार की पुलिस ने प्रभारी निरीक्षकों की निगरानी में पैदल मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उतरौला कोतवाली में सीओ मनोज कुमार यादव व प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार यादव की निगरानी में पैदल मार्च निकाला गया। कोतवाली देहात, गैसड़ी व जरवा में भी पुलिस बल के साथ मार्च निकालकर प्रशासन ने अपनी हनक दिखाई।