बलरामपुर/सादुल्लाहनगर। शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। करीब नौ वर्ष बाद हुए इस निर्णय से बलरामपुर जिले के 1689 शिक्षामित्रों और 134 अनुदेशकों को सीधा लाभ मिलेगा। मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किए जाने पर शिक्षामित्रों ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने कहा कि यह निर्णय शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इसे होली से पहले मिला बड़ा उपहार बताया। वहीं, आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के रेहरा बाजार ब्लॉक अध्यक्ष विजय प्रकाश जायसवाल ने कहा कि कम मानदेय के कारण शिक्षामित्रों को लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बढ़े हुए मानदेय से उनके परिवारों को संबल मिलेगा और कार्य के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा।
निर्णय की सूचना मिलते ही जिले भर के शिक्षामित्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। विमल, पिंकू, उपेंद्र, हेमंत, कंचन, वंदना, इंद्रदेव यादव, राजेंद्र यादव, अवध नारायण, संतोष मिश्र, सुहेल, अवधेश, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव व लवकुश सहित अन्य शिक्षामित्रों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।