बलरामपुर के तुलसीपुर में क्रिकेट का अभ्यास करती छात्राएं ।-स्रोत : स्कूल
तुलसीपुर। आदिशक्ति मां पाटेश्वरी विद्यालय में 21 फरवरी को बालिका प्रीमियर लीग अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में जीत हासिल करने के लिए शुक्रवार को छात्राओं ने खूब पसीना बहाया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आठ मार्ग को स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर में होगा।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि पहला मुकाबला मां पाटेश्वरी वॉरियर्स तुलसीपुर और बेसिक वॉरियर्स तुलसीपुर के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच ईशावास्यम विद्यालय की फायर एंजेल टीम और कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की कस्तूरबा राइडर्स तुलसीपुर के बीच होगा। दोनों मैच की विजेता टीमें आपस में सेमीफाइनल खेलेंगी।
सेमीफाइनल में जीतने वाली टीम 8 मार्च को बलरामपुर स्टेडियम में आयोजित फाइनल मुकाबले में प्रतिभाग करेगी। क्रीड़ा अधिकारी रामानुज तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं की खेल प्रतिभा को निखारना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी करेंगे, जबकि एसडीएम राकेश कुमार जयंत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।