बलरामपुर के महराजगंज तराई में सील किया गया सेंटर ।-स्रोत: विभाग
महराजगंज तराई। क्षेत्र के ललिया रोड पर लंबे समय से बिना पंजीकरण के संचालित राहत हेल्थ केयर एवं मैटरनिटी सेंटर को सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को छापा मारा। जांच में कई खामियां मिलीं। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि यह अस्पताल अवैध रूप से चल रहा है और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से कमीशन के बदले मरीजों को यहां भर्ती कराया जाता है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जब नर्सिंग होम संचालक से पंजीकरण, लाइसेंस तथा अन्य अनिवार्य दस्तावेज मांगे गए, तो कोई भी वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए। अस्पताल में न तो प्रशिक्षित स्टाफ का उचित रिकॉर्ड था और न ही प्रसूति से संबंधित आपातकालीन व्यवस्थाएं। कई उपकरण भी मानक के अनुरूप नहीं पाए गए।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ आशा कार्यकर्ता अपने नियमित कार्यों की उपेक्षा कर मरीजों को कमीशन के आधार पर निजी अस्पतालों तक ले जाती हैं। इससे सरीब परिवार अनावश्यक खर्चों का बोझ झेलने को मजबूर हो जाते हैं। राहत हेल्थ केयर में भी इसी प्रकार मरीजों को भेजे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि बिना पंजीकरण अस्पताल संचालित करने वालों के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।