बलरामपुर। वीर विनय चौराहा के निकट सामुदायिक शौचालय के बगल स्थित अवैध टैक्सी स्टैंड राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। जाम की समस्या से निजात पाने के लिए करीब छह माह पूर्व ही जिला प्रशासन ने गोंडा मार्ग के टैक्सी स्टैंड को सुआंव पुल के पास स्थानांतरित कर दिया था। बावजूद इसके निजी टैक्सी चालक साठगांठ कर नगर कोतवाली के बगल ही अवैध टैक्सी स्टैंड संचालित कर सवारियां बैठाते हैं।
गोंडा मार्ग पर शुक्रवार सुबह दस बजे सुलभ शौचालय के निकट निजी टैक्सियां सवारी बैठाती मिलीं। एक टैक्सी चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर गोंडा के लिए सवारियां आने का इंतजार कर रहा था तो दो टैक्सी उसके पीछे जबकि तीन टैक्सियां सड़क के दूसरी तरफ स्थित गली में खड़ी थीं।
यात्री संतोष कुमार, सुनीता, राजू व प्रदीप ने बताया कि टैक्सी चालक गाड़ी पर बैठाने को लेकर अक्सर विवाद करते हैं। चाैराहे पर खड़े होकर रोडवेज बस का इंतजार करने वाले यात्रियों से टैक्सी में बैठने का दबाव बनाया जाता है। राधेश्याम, पप्पू, दिनेश व आफताब ने बताया कि निजी टैक्सी स्टैंड वाले रोडवेज बस को चौराहे पर रुकने नहीं देते हैं। इससे यात्रियों को गोंडा व उतरौला जाने में परेशानी होती है। उन्हें बस पकड़ने के लिए बस स्टेशन जाना पड़ता है।
100 मीटर की दूरी पर नगर कोतवाली
सार्वजनिक शौचालय के निकट संचालित अवैध टैक्सी स्टैंड से महज 100 मीटर की दूरी पर ही नगर कोतवाली और यातायात प्रभारी का कार्यालय है। पुलिस व यातायात के कई बड़े अधिकारी रोज इधर से ही गुजरते हैं लेकिन, टैक्सी स्टैंड को यहां से हटवाने की जहमत कोई नहीं उठा रहा।
इनसेट....
आदेश को प्रभावी बनाना पुलिस की जिम्मेदारी
यात्रियों की सुविधा के लिए गोंडा मार्ग का टैक्सी स्टैंड सुआंव पुल के पास निर्धारित कर दिया गया है। इस आदेश को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी यातायात व नगर कोतवाल की है।
- राजेंद्र बहादुर, सदर एसडीएम
इनसेट....
सवारी बैठाने वाले चालकों पर होगी कार्रवाई
गोंडा मार्ग पर सुलभ शौचालय के आसपास निजी टैक्सियां खड़ी होकर सवारी न बैठाएं, इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है। आदेश का पालन न करने वालों का चालान भी किया जाता है। टैक्सी चालकों को निर्धारित स्थान से ही सवारी बैठाने का निर्देश दिया गया है। वीर विनय चौराहे के आसपास सवारी बैठाते मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- ज्योति श्री, क्षेत्राधिकारी यातायात