बलरामपुर। मंडलायुक्त के सख्त निर्देश के बाद जिले में भी स्कूली वाहनों के फिटनेस की जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से स्कूल प्रबंधकों के साथ बैठक की। डीएम ने प्रबंधकों को अनाधिकृत वाहन संचालित करने पर स्कूल की मान्यता खत्म करने की चेतावनी दी। साथ ही स्कूल वाहन के चालकों का हर हाल में पुलिस से सत्यापन कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि विद्यालयों के वाहन बिना वैध दस्तावेज के संचालित न किया जाए। जिन वाहनों का फिटनेस समाप्त हो गया है, उसका फिटनेस कराने के बाद ही संचालन किया जाए। एआरटीओ बृजेश को निर्देश दिया कि समय-समय पर स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दें। जिला प्रशासन की टीम बनाकर वाहनों के भौतिक स्थिति का जायजा लिया जाए। किसी भी स्थिति में अनाधिकृत वाहनों का संचालन न किया जाए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, बीएसए शुभम शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, यात्रीकर अधिकारी मदन चंद्र व संभागीय निरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
बिना फिटनेस वाले स्कूली वाहन होंगे सीज
यात्री कर अधिकारी मदन चंद और आरआई प्रशांत कुमार सिंह ने शुक्रवार को 20 विद्यालयों में वाहनों के फिटनेस की जांच की। वाहनों के भौतिक स्थिति का आकलन किया। स्कूल संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि बिना फिटनेस के कोई भी वान संचालित न करें। बिना फिटनेस के फर्राटा भरते पाए जाने पर वाहन को सीज कर दिया जाएगा।