बलरामपुर। मंडलायुक्त देवीपाटन मंडल महेंद्र कुमार ने मंगलवार को एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान तहसील उतरौला, राजकीय पॉलिटेनिक व आईटीआई को निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को तेजी से कार्य कराने का निर्देश दिया। शासकीय बजट लैप्स होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्माण कार्य पूरा कराकर संबंधित विभाग को हैंडओवर कराने का निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने तहसील कार्यालय उतरौला में पत्रावलियों का अवलोकन किया। विभिन्न पटलों के कार्यों का निरीक्षण कर आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों को समय से बनाने, साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार करने आदि के संबंध में एसडीएम उतरौला अरुण कुमार गौड़ व तहसीलदार उतरौला को स्पष्ट निर्देश दिया। तहसील सभागार में कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक की। मंडलायुक्त ने कहा कि वित्त वर्ष 2019-20 पूरा होने के कगार पर है।
वित्त वर्ष समाप्त होने के पहले तक मिली धनराशि हर हाल में खर्च कर ली जाए नहीं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 50 लाख रुपये की अधिक लागत वाली दो परियोजनाओं का निरीक्षण भी किया। सीएनडीएस की तरफ से महुआधनी गांव में 1837 लाख रुपये की लागत से हो रहे राजकीय पॉलिटेक्निक और मोहम्मद नगर ग्रिंट में यूपीसीएल की तरफ से कराए जा रहे 712.8 लाख रुपये की लागत से राजकीय आईटीआई का निरीक्षण किया।
दोनों कार्यदायी संस्थाओं को समय से कार्य पूरा कराकर विभाग को हैंडओवर कराने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर अपर आयुक्त न्यायिक देवीपाटन मंडल गोंडा कमलेश कुमार सिंह, सीडीओ अमनदीप डुली, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक व पीडी एके सिंह सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।