बलरामपुर। जिले में ठंड व शीतलहर का कहर जारी है। दिनोंदिन पारा गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है। बर्फीली हवा के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल है। शीतलहर व ठंड में आपातकाल में लोगों की मदद के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जिले में बीते चार दिनों से धूप नहीं निकली है। कोहरा व बादल छाने से शीतलहर का प्रकोप दिख रहा है। ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने बलरामपुर को रेड जोन में रखते हुए अलर्ट किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। ठंड से बचाव के लिए लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। पेहर व छपिया क्षेत्र में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। तापमान गिरने से बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। ऐसे में व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारी महेंद्र, राजू, दीना, संजय, राजू, संतोष व शमी ने बताया कि चौराहे पर अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं है। बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों को ठंड से बचाने के लिए जिले में छह रैन बसेरे बनाए गए हैं, तीनों तहसील क्षेत्रों में 4760 कंबल का वितरण व 199 स्थानों पर अलाव जलाने का दावा प्रशासन ने किया है।
कंट्रोल रूम नंबर जारी
शीतलहर व ठंड में आपात स्थिति में मदद मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9170277336 पर कॉल करके कोई भी व्यक्ति मदद ले सकता है। इसके अलावा आपातकाल में चिकित्सीय सुविधा के लिए नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के मोबाइल नंबर 9918206383 कॉल कर सकते हैं।
रैन बसेरा और अलाव का किया गया निरीक्षण
नगर के आंबेडकर तिराहा स्थित रैन बसेरे का नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। रैन बसेरे में मुसाफिरों के लिए पर्याप्त मात्रा में गद्दा व रजाई की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। रैन बसेरे में साफ-सफाई व हीटर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जिला महिला व जिला मेमोरियल अस्पताल सहित 20 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। अंबेडकर तिराहा व बस स्टेशन परिसर में स्थापित रैन बसेरे में 60 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह, जलकल जेई धर्मेंद्र कुमार गौड़, शुभेंद्र गौरव मिश्र, संजय शुक्ल व सुरेश गुप्त आदि मौजूद रहे।
तिथि - अधिकतम तापमान - न्यूनतम तापमान
27 दिसंबर - 16 डिग्री सेल्सियस - 8 डिग्री सेल्सियस
28 दिसंबर - 15 डिग्री सेल्सियस - 8 डिग्री सेल्सियस
29 दिसंबर - 15 डिग्री सेल्सियस - 7 डिग्री सेल्सियस
30 दिसंबर - 16 डिग्री सेल्सियस - 8 डिग्री सेल्सियस