बलरामपुर के विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद किसान ।-संवाद
बलरामपुर। किसानों की समस्याओं के निस्तारण में विभागीय अधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं। हर माह होने वाले किसान दिवस में आने वाली शिकायतों का झूठी रिपोर्ट लगाकर अधिकारी गुमराह कर रहे हैं। बुधवार को विकास भवन में हुए किसान दिवस में एडीएम न्यायिक ने ऐसे ही कई अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
सदर विकास खंड के ग्राम उदईपुर निवासी अभरन प्रसाद वर्मा ने बताया कि सरयू नहर बस्ती ब्रांच पर रोड बनी है। इसके मध्य जोरावरपुर ग्राम के पास दक्षिण दिशा में रोड कट गया है। पिछली बैठक में इसकी शिकायत की गई थी लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। एडीएम ने नहर विभाग व पीडब्लूडी विभाग के अधिकारियों से प्रगति पूछी तो एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोपने लगे। इस पर एडीएम ने दोनों विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी कर समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए हैं। किसान शशिभूषण शुक्ल क्रांति ने छुट्टा मवेशियों की समस्या उठाई थी जिस पर एडीएम ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी राजेश शर्मा एवं बीडीओ मनोज कुमार पर नाराजगी जताते हुए 24 घंटे में समस्या का निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
किसान सुधाकर विश्वकर्मा, बाबूराम गौतम, बच्छराज, अतीक अहमद व सूरज कुमार शुक्ला आदि ने भी अपनी समस्याएं किसान दिवस में रखी थीं। एडीएम ने अधिकारियों को एक माह के अंदर सभी समस्याओं का निस्तारण कराकर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। किसान दिवस में उपकृषि निदेशक श्याम नरायन राम, जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार, जिला उद्यान अधिकारी संतोष कुमार दूबे व एआर सहकारिता अमरेश मणि तिवारी आदि मौजूद रहे।