बलरामपुर। एसपी देवरंजन वर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस में बेहतर कार्य करने वाले आठ पुलिस अफसरों व कर्मियों को सम्मानित किया है। पुलिस सेवा को बेहतर बनाने के लिए एसपी की तरफ से सम्मानित करने का कार्यक्रम किया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि नवगठित एंटी रोमियो व मुनादी टीम को पुलिस लाइन में शुक्रवार को प्रशिक्षण दिया गया। देहात थाने में संचालित यूपी 100 के एसआई मेराज अहमद, कांस्टेबिल रणधीर सिंह व ओम प्रकाश चौहान को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया है।
तीनों पुलिस अफसरों व कर्मियों ने मई माह में बलरामपुर चीनी मिल के सामने सांड के हमले में घायल बालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और उसकी जान बचाई। इस बेहतर कार्य के लिए तीनों पुलिस अफसरों व कर्मियों को सम्मानित किया गया है।
ऑपरेशन सुरक्षा संपर्क के तहत बेहतर योगदान देने वाले मुख्य आरक्षी योगेंद्र प्रसाद तिवारी, शाकिर व चालक कृष्ण यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। कोतवाली नगर की जन सुनवाई अधिकारी महिला आरक्षी किरन मौर्य व अनीता को पीली पर्ची वितरित कराने व मोबाइल फोन से यूपी एप इंस्टाल करने में बेहतर कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।