बलरामपुर। क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेवलगंज के मजरा आनंदपुरवा में अज्ञात कारणों से लगी आग में गीता देवी की पुत्री मनीषा की शादी का सारा सामान भी जल गया। ऐसे में शादी की खुशियां गम में बदल गईं।
आनंदपुरवा निवासी रवि प्रताप के घर में अज्ञात कारणों से लगी आग में पड़ोसी हरिप्रसाद, धनपता, गीता देवी, अमरनाथ, सुंदरी, शिवकुमार, सर्वजीत, राम पूरन व ओमकार की गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाते समय रवि प्रताप व चिंताराम झुलस गए। हरिप्रसाद की पड़िया भी झुलस गई। सभी का इलाज कराया जा रहा है।
गीता देवी ने बताया कि उनकी पुत्री मनीषा की 29 अप्रैल को शादी होनी है। इसके लिए सारा सामान पहले से खरीद लिया था। आग में 50 हजार नकदी सहित सब कुछ जलकर राख हो गया। अब बेटी के हाथ पीले कैसे होंगे, ये चिंता सता रही है। आग में धनपता की 15 हजार, सुंदरी की 10 हजार, शिवकुमार की 15 हजार व सरबजीत की आठ हजार रुपये नकदी भी जल गई है। हलका लेखपाल हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि अग्निकांड में 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तहसीलदार सदर अनुपम शुक्ल, प्रभारी निरीक्षक हरैया थाना गोविंद कुमार भी दमकल कर्मियों के साथ मौके पर मौजूद रहे।