बलरामपुर के चौक बाजार जाने वाले मार्ग पर सजी पिचकारी व रंगों की दुकान।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। होली में कारोबार से बाजार गुलजार हो रहे हैं। लोगों ने रंगों से सराबोर होने की तैयारियां शुरू कर दी है। बाजारों में हर्बल रंगों, अबीर, गुलाल व पिचकारियों की भरमार है। फैंसी कपड़ों व जूते-चप्पलों का बाजार परवान चढ़ रहा हैं। होलिका दहन के लिए लकड़ियों का इंतजाम किया जा रहा है। फगुआ गीत की धुन रंगों के त्योहार में मिठास घोल रही है। प्रशासन होली पर हुड़दंग मचाने वालों पर शिकंजा कसने में जुटा है। पीस कमेटी की बैठक कर अराजक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी जा रही है।
मंदी के दौर से गुजर रहे कारोबारियों के लिए होली का त्योहार खुशियां लेकर आ रहा है। कई महीनों से ठप व्यापार में तेजी के आसार दिख रहे हैं। बाजारों में तरह-तरह के हर्बल रंग, अबीर, गुलाल व पिचकारियों की दुकानें सजने लगी हैं। फिल्मी और राजनीतिक चेहरों की पिचकारियां भी लोगों को रंग खेलने के लिए लुभा रही हैं। पिचकारियों के कारोबारी दुकानों को सजाने में मस्त हैं।
रंग-बिरंगे फैंसी कपड़ों का बाजार भी गरम हो गया हैं। कारोबारियों की तरफ से ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। ‘दो खरीदो तो एक फ्री’ मिलेगा का बाजार पर ग्राहकों को लुभा रहा है। जूतों व चप्पलों की बिक्री में तेजी आ रही है। तरह-तरह की डिजाइन वाले फैंसी जूते-चप्पल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। होलिका दहन की भी तैयारियां की जा रही हैं। नगर निकायों में होलिका दहन के लिए लड़कियों का इंतजाम कराया जा रहा है। होलिका दहन समितियों को नगर पालिका परिषद बलरामपुर की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली की तरफ से ढाई-ढाई क्विंटल लकड़ियां मुफ्त में देने का एलान किया गया है। हर तरफ फगुआ गीत की धुन बज रही है। तरह-तरह के रंगों से जुड़े गीत त्योहार में मिठास घोल रही हैं।
रंग में भंग डालने वालों पर होगी कार्रवाई
होली त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां की जा रही हैं। जिले के सभी 13 कोतवाली व थानों में पीस कमेटी की बैठकें कराकर अराजक तत्वों को कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी जा रही है। सभी पक्षों से वार्ता करके होली त्योहार में शांति कायम रखने की अपील की जा रही है। रंग में भंग डालने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। -देवरंजन वर्मा, एसपी
बख्शे नहीं जाएंगे अराजक तत्व
होली के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिले में मजिस्ट्रेटों को तैनात किया जाएगा। जिले के तीनों तहसीलों में जोनल, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को तैनात कर अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। संवेदन व अतिसंवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरे लगाकर अराजकता फैलाने वालों की निगरानी की जाएंगी। रगों के त्योहार में अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। -कृष्णा करुणेश, डीएम