पड़ोसी देश नेपाल में पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर गश्त बढ़ा दी गई है। तीन से लेकर पांच मार्च तक सीमा सील होने का असर स्थानीय निवासियों के साथ ही कारोबार पर भी पड़ेगा। इसे लेकर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने चौकसी बढ़ा दी है। ऐसे में नेपाल में चुनावी रंगत के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों की होली इस बार पहरे में मनेगी।
होली को देखते हुए पहले से ही सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच तेज है। अब चुनाव के ऐलान से सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने मंगलवार को बताया कि अभी सीमा को पूरी तरह सील नहीं किया गया है। त्योहार के मद्देनजर बस निगरानी बढ़ाई गई है। नेपाल में मतदान से पहले सीमा सील की जाएगी। प्रशासन की तैयारी तीन से छह मार्च तक सीमा सील रखने की है। इसके लिए नेपाली सुरक्षा एजेंसियों से भी संपर्क साधा जाएगा।
विज्ञापन
नेपाल में जेन जी आंदोलन और सरकार की बेदखली के बाद पहली बार होने जा रहे आम चुनाव पर सीमावर्ती क्षेत्रों की नजर है। सीमा से सटे करीब 46 गांवों में नेपाली चुनाव को लेकर खासा चर्चा है। आंदोलन के समय बढ़ी सतर्कता बाद में स्थिति सामान्य होने पर अक्तूबर 2025 से आवाजाही पूर्व की तरह हो गई थी। इसके बाद ठंड व कोहरे से घुसपैठ की आशंका में दिसंबर से फरवरी तक सतर्कता रही। अब होली व नेपाल में आम चुनाव के एलान से एक बार फिर सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई गई है।
सीमावर्ती जरवा थाना के प्रभारी निरीक्षक राकेश पाल ने मंगलवार को बताया कि निगरानी बढ़ाई गई है। बीते दिनों ब्राउन शुगर के दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है। सीमावर्ती पंचायतों में सुरक्षा समितियों को एसएसबी के साथ मिलकर सक्रिय किया गया है। नेपाल चुनाव पर हमारी नजर है।
फिलहाल राहत, तीन दिन कारोबार पर पड़ेगा असर
सीमावर्ती क्षेत्रों में अभी हालात सामान्य हैं। एक दिक्कत है कि होली उत्सव के दौरान ही नेपाल का आम चुनाव घोषित हुआ है। एक से चार मार्च तक होली का उल्लास बाजार में ज्यादा रहेगा। इसी दौरान पांच मार्च को चुनाव होने से दो या तीन मार्च से ही रोकटोक तेज हो जाएगी। अभी तो छानबीन करके लोगों को आने दिया जा रहा है। इससे जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों जरवा के बालापुर बाजार, तुलसीपुर, मणिपुर, बरदौलिया बाजार में कारोबार प्रभावित होगा।
व्यापारियों की उम्मीदों को लगा झटका
सीमावर्ती प्रमुख बाजार बालापुर के बर्तन व्यवसायी लाले यादव ने बताया कि इस बीच बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। खरीदारी भी हो रही है। हम लोगों ने होली को लेकर तैयारी की थी। बड़ी संख्या में माल मंगाया था, लेकिन इस बीच नेपाल में चुनाव की तिथि घोषित होने से सीमा सील हो जाएगी। इससे कारोबार प्रभावित होगा।
होटल व्यवसायी संतोष कमलापुरी कहते हैं कि चुनाव होली के दौरान ही घोषित हुआ है। इसका असर तो व्यापार पर पड़ेगा। तुलसीपुर के कपड़ा व्यवसायी श्याम बिहारी ने बताया कि दोनों देशों के बाजारों पर चुनाव का असर पड़ेगा। नेपाल में चुनाव भी जरूरी है, बस त्योहार के समय चुनाव होने से प्रभाव पड़ेगा। इसी तरह मणिपुर बाजार के व्यापारी श्याम सुंदर भी उम्मीदों को झटका ही मान रहे हैं।