फोटो-15-बलरामपुर के स्पोटर्स स्टेडियम में क्रिकेट खेलते खिलाड़ी ।-संवाद
बलरामपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही तिरंगा क्रिकेट सीरीज सीजन-4 के तीसरे दिन तीन मुकाबले खेले गए। शानदार प्रदर्शन करते हुए एचएफ विशनापुर ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, तिरंगा क्रिकेट क्लब और बच्छन इलेवन ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
मंगलवार को पहला मुकाबला पठान राइडर और तिरंगा क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। तिरंगा क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पठान राइडर की पूरी टीम 11.5 ओवर में 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। 141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तिरंगा क्रिकेट क्लब की टीम ने महज छह ओवर में ही 143 रन बनाकर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। सात चौके और चार छक्के लगाने वाले तिरंगा क्लब के नियाज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला सुपर श्रावस्ती और एचएफ विशनापुर के बीच खेला गया। सुपर श्रावस्ती ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचएफ विशनापुर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 7.3 ओवर में 149 रन बनाकर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। विशनापुर के शिव मिश्र को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।
तीसरा मुकाबला राइनी इलेवन और बच्छन इलेवन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राइनी इलेवन की टीम 10.4 ओवर में 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बच्छन इलेवन की टीम को जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। अंतिम ओवरों तक चले रोमांचक मुकाबले में बच्छन इलेवन ने 11.5 ओवर में 123 रन बनाकर दो विकेट से जीत दर्ज की। रोहित जायसवाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इस दौरान तिरंगा सीरीज के अध्यक्ष अनन्य गौरव मिश्र, तिरंगा ग्रुप के अध्यक्ष जनाब इकबाल खान, महासचिव सलीम खान और याकूब खान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
फोटो-15-बलरामपुर के स्पोटर्स स्टेडियम में क्रिकेट खेलते खिलाड़ी ।-संवाद