फोटो-15-बलरामपुर में बारिश के बीच आवागमन करते लोग ।-संवाद
बलरामपुर। जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिनभर चली ठंडी हवाओं ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया।
हालांकि बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद तुलसी पार्क, सिविल लाइन समेत कई स्थानों पर पानी भर गया। हालांकि करीब दो घंटे बाद मौसम साफ होने और पानी की निकासी होने से स्थिति सामान्य हो गई।
जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह ने बताया कि अगले एक-दो दिनों तक जिले में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है।
बारिश से फसलों को मिलेगा लाभ
लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मंगलवार सुबह आसमान में घने बादल छाए रहे। नगर क्षेत्र में हल्की, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। इससे धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया है।
किसान राजू, सर्वेश, माहतो और प्रमोद ने बताया कि यह बारिश धान और गन्ने की फसलों के लिए बेहद लाभदायक है। उनका कहना है कि पर्याप्त नमी मिलने से धान की रोपाई में तेजी आएगी और फसलों की बढ़वार भी बेहतर होगी।
फोटो-15-बलरामपुर में बारिश के बीच आवागमन करते लोग ।-संवाद