बलरामपुर। गैसड़ी विधान सभा क्षेत्र के जमुनी खुर्द और मोतीपुर कड़ोहा गांव में संक्रामक बीमारी फैलने की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को दोनों गांवों का भ्रमण किया। टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और गांवों की स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान दोनों गांवों में कोई भी व्यक्ति संक्रामक बीमारी से पीड़ित नहीं मिला।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाया। शिविर में जरूरतमंद ग्रामीणों को ओआरएस के पैकेट, क्लोरीन टैबलेट और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करने और संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज न करें। तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को सूचना देने के साथ चिकित्सकीय परामर्श लें। टीम ने ग्रामीणों से आसपास साफ-सफाई रखने और पानी को दूषित होने से बचाने की अपील की।