बलरामपुर। चीन से फैले कोरोना वायरस का प्रकोप अब भारत में भी दिखने लगा है। कोरोना वायरस को लेकर भारत सरकार ने पूरे देश में अलर्ट जारी कर दिया है। सरकार के निर्देश पर जिले में भी कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर भारत सरकार द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में विशेष तैयारियां की गई है। जिला अस्पताल के साथ-साथ सभी सीएचसी व पीएचसी के डॉक्टर व कर्मचारियों को कोरोना वायरस को लेकर सतर्कता बरतने को कहा गया है। कहीं भी संदिग्ध मरीज की जानकारी होने पर तुरंत सूचना देने का निर्देश दिया गया है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में कोरोना वायरस के संदिग्धों के लिए विशेष वार्ड बनाया गया है। चीन से लौटे एक संदिग्ध मरीज को वार्ड में भर्ती भी किया गया है। मरीज को संदिग्ध मानते हुए सैंपल जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।