132 लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
हरैया सतघरवा/जरवा। आयुर्वेद दिवस पर हरैया सतघरवा और गैसड़ी क्षेत्र में आयोजित दो आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविरों में कुल 132 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों और स्कूली बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया तथा आयुर्वेद और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
हरैया सतघरवा में लगे शिविर में 52 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें 24 पुरुष और 28 महिलाएं शामिल रहीं। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बनकटवा चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार तिवारी ने जांच के बाद मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया और आयुर्वेदिक दवाएं वितरित कीं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक करना शिविर का उद्देश्य है। उधर, कंपोजिट विद्यालय बघेलखंड, गैसड़ी में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय तुलसीपुर की ओर से आयोजित शिविर में करीब 80 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
डॉ. संजय कुमार ने बच्चों को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित दिनचर्या और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। योग प्रशिक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने नियमित योग और व्यायाम के महत्व की जानकारी दी। शिविर में प्रधानाध्यापक अब्दुल नासिर सिद्दीकी, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।