बलरामपुर। गैसड़ी ब्लॉक के ग्राम सुस्ता के लोगों में उल्टी-दस्त की शिकायत बढ़ने लगी है। दो दिनों में गांव में 30 लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित पाए गए है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर पीड़ितों को दवा देने के साथ साफ-सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करने का काम शुरू कर दिया है। अभी तक गांव में 90 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई है।
बारिश के दिनों में संक्रामक बीमारियां बढ़ने लगती है। गैसड़ी ब्लॉक के सुस्ता गांव में बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। यहां पर कमला, प्रियंका, अमित कुमार, कुद्दूस, दशरथ, विवेक, उमेश, राधेश्याम, भिलाई, अनिल, गोवर्धन व चिनकान सहित करीब 30 लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित पाए गए है। कुछ लोगों की हालत गंभीर होने पर सीएचसी गैसड़ी में भर्ती किया गया है।
बीमारी फैलने की सूचना पर डॉ. अजय गोस्वामी, डॉ. नित्यानंद व डॉ. अब्दुल शबूर के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर पीड़ितों को दवाईयां वितरित की। गांव में 90 लोगों का जांच किया गया है। डॉक्टरों ने लोगों को पानी उबालकर पीने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा तेल-मसाले से बने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने की सलाह दी गई है।
टीम में शामिल डॉ. किशन गुप्ता ने बताया कि गांव के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार जो लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं, वह पिछले दिनों गांव में एक व्यक्ति से आम खरीद कर खाए थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र आर्य ने बताया कि गांव में चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। लोगों को साफ-सफाई के लिए जागरूक किया गया है। एएनएम व आशा को लगातार निगरानी करने की हिदायत दी गई है। एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि गांव में स्वास्थ्य टीम भेजी गई है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। संवाद