बलरामपुर के उतरौला में अधिवक्ताओं से मुलाकात करते पूर्व सांसद ।-संवाद
उतरौला। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी ने अधिवक्ताओं से सदस्य पद के प्रत्याशी मधुसूदन त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। तहसील संघ भवन में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने पूर्व सांसद का स्वागत किया। पूर्व सांसद ने कहा कि सरकार की जीएसटी नीति पूरी तरह से भ्रम फैलाने वाली है। पहले जीएसटी की दरें बढ़ाकर बोझ डाला गया, फिर उनमें कमी करके वाहवाही लूटने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कानुपर से आगे पूर्वांचल से लेकर सिलीगुड़ी तक काफी बेरोजगारी है। इसके लिए सरकारें कोई कदम नहीं उठा रही हैं। हर दिन बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उन्होंने तंज कसा की सरकार का काम केवल मुद्दे से ध्यान भटकाने तक सीमित रह गया है। पूर्व सांसद कुशल तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा से ही अन्याय के विरुद्ध लड़ाई लड़ने का प्रतीक रहा है। गरीब और वंचितों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका सर्वोपरि रहती है। उन्होंने अधिवक्ताओं की जायज मांगों को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष मार्कंडेय मिश्र, शमशाद चौधरी, शमीम मलिक, देवेंद्र कुमार, रामकुमार पांडेय, अरविंद शुक्ला, प्रदीप मणि तिवारी आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।