बलरामपुर। टिड्डियों के दल को बाजा बजाकर भगाना होगा। जिला कृषि रक्षा अधिकारी सलीमुद्दीन ने बुधवार को बताया कि गांवों में भ्रमण कर किसानों को टिड्डियों के हमले से निपटने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चला रहे हैं।
जिले में टिड्डियों के दल पहुंचने पर तीनों तहसीलों में 150 ट्रैक्टरों से स्प्रे कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों से खेतों में निगरानी व दवाओं का छिड़काव करने और टिड्डियों के दल के आने पर तत्काल सूचना देने की अपील की जा रही है।
डीएम कृष्णा करुणेश व सीडीओ अमनदीप डुली के निर्देश पर जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा गठित टीम जिले में टिड्डियों के दल के प्रवेश करने पर कड़ी निगरानी कर रही है। गांव-गांव भ्रमण कर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि जैसे ही टिड्डियों का दल खेतों में प्रवेश करे तो तत्काल थाली व बाजा आदि बजाकर भगाने का प्रयास करें।
टिड्डी दलों से निपटने के लिए तीनों तहसीलों में 50-50 ट्रैक्टरों का माउंटेड स्प्रे कराने के लिए तैयार कर दिया गया है। जिले की सीमा में टिड्डी दलों के प्रवेश करते ही ध्वनि यंत्रों/थाली/डीजे आदि के माध्यमों से शोर करके खेतों में उतरने से रोका जाएगा। प्रवेश के समय पटाखे व आग जलाकर धुआं किया जाएगा। खाली खेतों में जोताई कराकर तत्काल पानी भर दिया जाएगा। टिड्डी के मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है।
टिड्डियां रात में आठ बजे से सुबह छह बजे तक खेतों में प्रवास करती हैं। प्रवास के समय रसायनिक नियंत्रण विधि को अपनाया जाएगा। किसानों से अपील की जा रही है कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबरों पर टिड्डियों के आने की सूचना तत्काल दें।
उप कृषि निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह के मोबाइल नंबर 8787222590, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सलीमुद्दीन के नंबर 8299139122, जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार के नंबर 9415142433, जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा के नंबर 7248054542 व वरिष्ठ प्राविधिक सहायक के नंबर 9415771666 पर सूचना दी जा सकती है। जिले के सभी नौ ब्लॉकों में गठित निगरानी दल भी किसानों को जागरूक करने में जुटे हैं। कृषि वैज्ञानिकों से भी टिड्डी दलों से निपटने में मदद ली जा रही है।