बलरामपुर। देश व प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों ने देश के महापुरुषों की उपेक्षा तथा आक्रमणकारियों की सराहना की। अब केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार देश की माटी के लिए अपना सर्वस्य न्यौछावर करने वाले महापुरुषों की यादें सहेजेगी।
यह बातें शनिवार को सूबे के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण मंत्री अनिल राजभर ने कहीं। उन्होंने कहा कि देश व माटी के लिए संघर्ष करने वाले महाराज सुहेलदेव की स्मृतियों को सहेजा जाएगा।
16 फरवरी को उनकी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बहराइच के चित्तौरा में विशाल संग्रहालय व सुहेलदेव स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। इस पूरे क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चित्तौरा में होने वाले निर्माण कार्यों की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा निर्देश में रखेंगे। जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर सुहेलदेव के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
इस अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम, गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, महामंत्री रवि कुमार मिश्रा, डीपी सिंह, वरूण सिंह मोनू, जिला मंत्री बृजेंद्र तिवारी समेत तमाम भाजपाई मौजूद रहे।