बलरामपुर। सदर विधायक पल्टूराम की मांग पर प्रदेश सरकार ने बलरामपुर विधान सभा क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा अनुभाग-3 उत्तर प्रदेश शासन सुनील कुमार चौधरी ने पत्र जारी करते हुए कहा है कि सदर विधायक पल्टूराम ने 25 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बलरामपुर विधान सभा क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण के लिए मांग पत्र सौंपा था।
सदर विधायक की मांग को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बलरामपुर सदर विधान सभा क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक की स्थापना को मंजूरी प्रदान कर दी है। राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त भी कर दी गई है। सदर विधायक ने बताया कि शीघ्र ही राजकीय पॉलिटेक्निक का निर्माण कार्य शुुरू कराया जाएगा।