बलरामपुर के तुलसीपुर में प्रतियोगिता की तैयारी करती छात्राएं ।-संवाद
तुलसीपुर। जिले की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में जिला प्रशासन अंडर-14 बालिका प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन करने जा रहा है। इस प्रतियोगिता की रूपरेखा तय की जा रही है और फाइनल मुकाबला आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेला जाएगा। इसी क्रम में बुधवार को स्थानीय आदि शक्ति मां पाटेश्वरी विद्यालय में बालिका क्रिकेट टीम का चयन किया गया।
प्रधानाध्यापक डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि विद्यालय की कक्षा 6 से 8 तक की 15 छात्राओं का चयन अंडर-14 बालिका क्रिकेट टीम के लिए किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 14 वर्ष तक आयु वर्ग की बालिकाएं इस टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। टीम में आंचल मिश्रा, प्रगति कसौधन, श्रेया गुप्ता, महक चौरसिया, श्रद्धा उपाध्याय, अनुष्का शुक्ला, आयोना अग्रवाल, आराध्या त्रिपाठी, सोनिया गुप्ता, अंशु यादव, उन्नति गुप्ता, अनन्या कौशिक, अंशिका मिश्रा, शिवानी पांडेय व आराध्या मिश्रा का चयन किया गया है।
प्रतियोगिता में भाग लेंगी 16 टीमें
बालिका प्रीमियर लीग के जिला कोऑर्डिनेटर अभिषेक पांडेय ने बताया कि जिले भर से कुल 16 टीमों का चयन किया जाएगा, जिसमें सरकारी एवं निजी विद्यालयों की बालिकाएं हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन पहले तहसील स्तर और उसके बाद जिला स्तर किया जाएगा। बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा शिक्षा व खेल में समान अवसर उपलब्ध कराना है।