बलरामपुर/पिपरहवा चौराहा। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) पर बुधवार को जिले की 330 ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाए गए। शिविर में गर्भवती व पांच साल तक के बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया। प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की सुरक्षा के लिए नियमित जांच कराने व टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया गया।
सदर ब्लॉक के दुवरिया गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरगंज की टीम ने शिविर लगाया। फार्मासिस्ट सुनील कुमार गुप्त व अलका यादव ने गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। 18 बच्चों व चार गर्भवती का टीकाकरण किया गया। छह प्रतिरोधी परिवार को समझा बुझाकर उनके बच्चे को भी टीका लगाया गया। आंगनबाड़ी उर्मिला श्रीवास्तव व आशा अनीता मौजूद रहीं।
ग्राम सिसई में एएनएम सुमन मिश्र ने गर्भवती का स्वास्थ्य परीक्षण किया। गर्भवती को आयरन, कैल्सियम व फोलिक एसिड की गोली देते हुए नियमित खाने का सुझाव दिया। पिपरहवा चौराहा क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिर बेलीखुर्द रतनपुर में टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। एएनएम सुमन ने 14 बच्चों काे टीका लगाया।
नौ गर्भवती महिलाओं के सेहत की जांच की। उन्हें टिटनेस के टीके लगाए। शिविर में 26 बच्चों को विटामिन-ए की दवा पिलाई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी धीरज पाठक ने बीमारियों से बचाव के बारे में बताया। तुलसीपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने गांव में चिह्नित शत-प्रतिशत बच्चों व गर्भवती का टीकाकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुड़िला व शिवानगर में लगे विशेष शिविर का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, अभिलेखों की स्थिति व लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। एएनएम पूनम यादव तीन गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर चुका थीं। 19 बच्चों काे टीका लग चुका था। निरीक्षण के दौरान टीकाकरण की गुणवत्ता, कोल्ड-चेन व्यवस्था व अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक पाया गया।
इस अवसर पर डीएमओ राजेश पांडेय, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, सहायक शोध अधिकारी सिद्धार्थ गुप्त, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रियांशु व कमल कुमार आदि मौजूद रहे।