बलरामपुर। शहर के 25 वार्डों में कूड़ा कलेक्शन का कार्य अब ई- रिक्शा से होगा। इसकी सहायता से दुकानों और घरों से हर दिन करीब 30 टन कूड़ा एकत्र करने का कार्य किया जाएगा ताकि शहर स्वच्छ व साफ रह सके। निस्तारण कार्य को आसान बनाने के लिए सूखा व गीला कचरा अलग- अलग रखा जाएगा।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डा. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर को स्वच्छता की रैंकिंग में प्रथम स्थान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। नई व्यवस्था को इसी माह से लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपील की कि लोग घरों, दुकानों से निकलने वाला कूड़ा सड़क पर न फेकें। इसके लिए घरों में एक निश्चित स्थान पर कूड़ा एकत्र रखें और निस्तारण वाहन के पहुंचने पर उसे दे दिया जाएगा।